पइंसा थाना क्षेत्र के पति का पुरवा गांव की एक महिला को बहाने से तहसील ले जाने के बाद पड़ोसी ने उसकी जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। जमीन बैनामे की जानकारी महिला के बेटे को हुई तो उसने विरोध किया। इस पर उसे जालसाज धमकी देते हुए दौड़ा लिया। बुधवार को भुक्तभोगी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने एसओ पइंसा को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
पइंसा थाना क्षेत्र के पति का पुरवा गांव के रहने वाला छेद्दू पुत्र शंकर लाल ने बताया कि वह पश्चिमशरीरा के सिंघवल गांव में रहता है। मां मालती देवी और पिता शंकर लाल पैतृक गांव पति का पुरवा में रहते है। आरोप है कि कुछ दिन पहले पड़ोस के रहने वाले दंपति उसकी मां को बहाने से सिराथू तहसील ले गए। इसके बाद उससे सवा बीघे जमीन अपने नाम बैनामा करा लिया। पड़ोसी की जालसाजी की जानकारी उसे हुई तो वह गांव पहुंचा और उसने विरोध किया। इस पर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए दौड़ा लिया गया। इस पर बुधवार को भुक्तभोगी मंझनपुर पहुंचा और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने एसओ पइंसा को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।