पिपरी के असरावल गांव में बुधवार को दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मोबाइल बदलने की बात को लेकर झड़प के बाद दोनों पक्ष भिड़ गए। युवकों के बीच मारपीट देख मौके पर लोगों का मजमा लग गया। लोगों ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए एक पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, दूसरे पक्ष का आरोप है कि तहरीर देने पर उन्हें डांटकर चौकी से भगा दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से तनातनी बनी हुई है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के असरावल गांव निवासी सोनू पुत्र शेरे ने बताया कि दो दिन पहले उसने स्थानीय बाजार स्थित मोबाइल शाप से एक मोबाइल खरीदा था। खराबी आने पर बुधवार सुबह वह साथी आतिफ के साथ दुकानदार को उलहना देने गया था। इसी दौरान दुकानदार साथियों के साथ मिलकर भिड़ गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में एक पक्ष से सोनू, आतिफ और दूसरे पक्ष से बादाम सिंह को चोटें आईं हैं। मारपीट देख मौके पर पहुंचे गांव के अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद बादाम सिंह की तहरीर पर सोनू समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, सोनू की तहरीर को नजरअंदाज करते हुए चौकी पुलिस ने डांटकर भगा दिया। पुलिस की अनदेखी से गांव में तनाव की स्थित बनी हुई है।