घर से सरायअकिल बाजार जा रहे आढ़ती पर बुधवार की सुबह सरेराह बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से गोली दागी। हालांकि निशाना चूकने से आढ़ती बाल-बाल बच गया। चीख-पुकार और फायर की आवाज पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों को जुटता देख हमलावर भाग निकले। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस बाइक सवार दो अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का मानना है कि लूट की नीयत से हमला हुआ है।
\
सरायअकिल कस्बे का रहने वाला सचिन केसरवानी आढ़ती है। कुछ दिनों ने वह मीरापट्टी मुंडेरा में मकान बनाकर रहने लगा है। उसने बताया कि बुधवार की सुबह वह मीरापट्टी से तीन लाख रुपये लेकर सरायअकिल बाजार बाइक से आ रहा था। इस दौरान जैसे ही वह पिपरी कोतवाली क्षेत्र के मखऊपुर गांव के समीप पहुंचा। तभी पीछे से आए नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए उसे रोकने की कोशिश की। हालांकि सचिन को इन बदमाशों पर शक हो गया। रुकने के बजाय उसने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इससे भन्नाए बाइक सवार एक युवक ने तमंचा निकालकर सचिन पर फायर कर दिया। हालांकि निशाना चूकने से वह बाल-बाल बच गया।
गोली दागे जाने से भयभीत आढ़ती शोर मचाते हुए तिल्हापुर मोड़ बाजार आ पहुंचा। वहां उसके रुकते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को एकत्र होते देख बदमाश भाग निकले। सूचना पर इलाकाई पुलिस भी आई। मौका-मुआयना करने के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ पिपरी पीके यादव ने बताया कि गोली दागे जाने की बात फौरी तौर पर संदिग्ध लग रही है। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है। संभव है कि आढ़ती के पास पैसे होने की जानकारी कहीं से बदमाशों को लगी हो और उन्होंने लूट की कोशिश की हो। फिलहाल घटना से आढ़ती और इलाके के लोगों में दहशत है।