बेखौफ हत्यारों ने सोमवार की रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी। सिर और गर्दन पर बेरहमी से वार करके उसे मौत के घाट उतारा गया है। मारने के बाद हत्यारे उसकी रक्तरंजित लाश चरवा के सैयद सरावां गांव के समीप सड़क किनारे अरहर के खेत में फेंक गए थे। मृतक के दोनों हाथ बंधे हैं। साथ ही मुंह में टेप भी चिपका हुआ है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का मानना है कि घटना कहीं अन्यत्र करके शव यहां फेंका गया है। साथ ही पुलिस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग अथवा संपत्ति विवाद होना मान रही है।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के सैयद सरावां गांव के लोग मंगलवार की सुबह खेत की ओर जा रहे थे। तभी ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे अरहर के खेत में पड़ी युवक की रक्तरंजित लाश पर पड़ी। गांव से महज 100 मीटर दूरी पर शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक की उम्र 25-30 साल के आसपास होगी। नीली जींस और आसमानी रंग के शर्ट पहने इस युवक के गर्दन और सिर पर किसी ने धारदार हथियार से कई वार करके उसे मौत के घाट उतारा है। साथ ही हत्यारों ने उसके दोनों हाथ भी पीछे करके बांध रखे थे। साथ ही मुंह में टेप भी चिपका हुआ था। देखने से लोगों को ऐसा लग रहा था कि जैसे युवक को कहीं से अगवा करके उसे मारा गया है। उसके बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है। उधर, युवक की हत्या की खबर लगते ही घटनास्थल पर चरवा, पुरामुफ्ती थाने की पुलिस के साथ ही सीओ चायल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद कोई भी व्यक्ति पहचान नहीं कर सका है। सीओ चायल आलोक कुमार ने बताया कि जिस बेरहमी से युवक का कत्ल हुआ है। संभव है कि मामला प्रेम प्रसंग अथवा संपत्ति विवाद का हो। पुलिस तफ्तीश में जुटी है। शिनाख्त होने के बाद ही हत्या की वजह और कातिलों का पता चलेगा।
कौशाम्बी जिले में इन दिनों आपराधिक घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। 20 दिन के अंदर हत्या करके फेंकी गई यह तीसरी लाश मिली है। बता दें कि 10 फरवरी की शाम को सरायअकिल के कूरा गांव में एक युवक की कुएं में लाश मिली थी। इसके दो दिन बाद ही मोहब्बतपुर पइंसा कोतवाली क्षेत्र के डबरामऊ गांव के समीप एक युवक की कुएं में लाश बरामद हुई थी। इन दोनों की लाश हत्या करके ही फेंकी गई थी। इधर, इन शवों को अभी तक पुलिस शिनाख्त नहीं करा सकी है। इसी बीच मंगलवार की सुबह चरवा कोतवाली क्षेत्र के सैयद सरावां गांव के समीप अरहर के खेत में एक युवक की रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी मच गई।