युवती को घर से भागकर कोर्ट मैरिज करने से भड़के परिजनों ने पड़ोसी युवक के यहां हमला करके जमकर उत्पात मचाया। घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट की। युवक की मां को बेरहमी पीटा। घसीटकर अपने घर उठा ले आए। बंधक बनाकर रातभर उसे प्रताड़ित किया गया। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से परेशान महिला ने शुक्रवार को एसपी से शिकायत की। पुलिस अधीक्षक ने एसओ कोखराज को घटना की जांच और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।
कोखराज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती करीब महीने भर पहले पड़ोसी युवक के साथ घर से भाग गई थी। दोनों ने 5 फरवरी को कोर्ट मैरिज कर ली। बेटी के घर से भागकर पड़ोसी के साथ शादी करने से भड़के घरवालों ने युवक के यहां 23 फरवरी की शाम हमला कर दिया। घर में में घुसकर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर युवक की मां की बेरहमी से पिटाई की। घर में रखा कीमती सामान लूट लिया। आरोप है कि घंटेभर तक उत्पात मचाने के बाद हमलावरों ने युवक की मां को घसीटकर अपने घर लाकर बंधक बना लिया। रातभर उसे प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं उसके घर में ताला लगाकर कब्जा भी कर लिया। सुबह दबंगों के चंगुल से छूटने पर महिला भागकर अपने एक रिश्तेदार के घर भरवारी आई। वहां से भरवारी चौकी और कोखराज थाने में शिकायत की गई। दो दिनों तक थाने का चक्कर लगाने के बाद भी जब पुलिस ने सुनवाई नहीं की, तो शुक्रवार को महिला ने मंझनपुर आकर एसपी से शिकायत की।
पुलिस अधीक्षक ने एसओ कोखराज को घटना की जांच करके हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। मामले में एसओ कोखराज विनोद यादव ने बताया कि ऐसी कोई घटना उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।