जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात शाहगंज की तरफ से एक ट्रक मालीपुर की तरफ आ रही थी। जब वह सुरहुरपुर मोड़ पर पहुंची तो अनियंत्रित हो गई। जब तक चालक उसे संभाल पाता, तब तक ट्रक सड़क के किनारे स्थित रामप्रसाद के घर में दीवार तोड़ती हुई घुस गई।
इससे घर के बाहरी भाग में मौजूद सूर्यनाथ (50) पुत्र रामप्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। परिवारीजनों ने ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल सूर्यनाथ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस घटना में चालक वसीम के अलावा क्लीनर भी घायल हुआ है। इन दोनों को भी अस्पताल भेजा गया है।
उधर घटना की जानकारी होने पर एसओ ज्ञानेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उनका कहना था कि तमाम शिकायतों के बाद भी ऐसे ट्रक चालकों पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। एसओ श्री सिंह ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ट्रक को अभिरक्षा में लेकर थाने चली गई। एसओ ने बताया कि घायल पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।