पड़ोसन से दुराचार करना पड़ोस के एक युवक को महंगा पड़ा। मामले में मंगलवार को अदालत के आदेश पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक विवाहिता को गांव के ही एक युवक ने 6 दिसंबर 2015 की शाम करीब पांच बजे बहाने से घर बुलाकर ले गया था। आरोप है कि वह उसके घर के भीतर पहुंची, युवक ने दरवाजा बंद कर लिया। उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद किसी से बताने पर जाने से मारने की धमकी दी। विवाहिता घर पहुंची और आपबीती परिजनों से बताई। घरवाले उलाहना लेकर आरोपी के घर गए, तो झूठा आरोप लगाने की बात कहते हुए युवक मारपीट पर उतारू हो गया।
दूसरे दिन घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। आरोप है कि कई दिनों तक जांच के बहाने पुलिस दौड़ाती रही, लेकिन रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस से न्याय नहीं मिलने पर पीड़ित परिवार ने अधिकारियों के दफ्तर का भी चक्कर लगाया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कोतवाली और अफसरों से न्याय नहीं मिलने पर भुक्तभोगी ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। मंगलवार को अदालत के आदेश पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके घटना की छानबीन शुरू कर दी है। कोतवाल मोहम्मद हाशमी ने बताया कि फौरी तौर पर घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।