लुटेरों ने मंगलवार शाम उरई अशरफपुर गांव के एक युवक को तमंचा सटाकर करीब 17 हजार रुपये लूट लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने उसकी पिटाई कर दी। शोर मचाने पर गांववालों को आते देख लुटेरे धमकियां देते हुए भाग निकले। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। एसओ ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के उरई अशरफपुर गांव निवासी कुलदीप कुमार किसान है। बताया कि उसे बिजली का बिल जमा करना था। इसके लिए वह जेब में 17 हजार रुपये रख थे। मंगलवार को वह बाइक से सरायअकिल बाजार जा रहा था। इस दौरान उसकी बाइक भैरवां गांव के समीप पहुंची। बताया कि दो बाइक से करीब पांच लुटेरे आए। इन युवकों ने ओवरटेक करके उसकी मोटरसाइकिल रोक ली। जब तक वह कुछ समझ पाता। इनमें से एक युवक ने तमंचा निकालकर उसकी कनपटी पर सटाकर जेब में रखा पैसा निकाल लिया।
विरोध करने पर इन युवकों ने उसकी पिटाई भी की। ग्रामीणों को आते देख पांचों व्यक्ति धमकियां देते हुए भाग निकले। इलाकाई पुलिस पूछताछ के बाद उचक्कों की तलाश में जुटी। भुक्तभोगी कौशाम्बी थाने में तहरीर दी। पीड़ित कुलदीप के मुताबिक सरेराह लूट करने वाले युवक मवई (कनैली) गांव के हैं। एसओ अर्जुन सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।