सरायअकिल थाना क्षेत्र के मौलवीगंज में भू-माफिया ने पड़ोसी की भूमिधरी जमीन पर कब्जा करके चहरदीवारी खड़ी कर दी। जानकारी होने पर भू-स्वामी ने विरोध किया तो हमलावर ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए दौड़ा लिया। जान बचाकर भागा अधेड़ थाने पहुंचा और घटना की तहरीर पुलिस को दी। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने तीन भू-माफिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।
सराय अकिल थाना क्षेत्र के मौलवीगंज मोहल्ला निवासी अहमद उल्ला पुत्र हबीब उल्ला ने बताया कि कस्बे के समीप उसकी भूमिधरी जमीन पड़ी है। जिस पर घोसिया गांव के भू-माफिया ने जबरन कब्जा कर उस पर चहर दीवारी खड़ी कर दिया है। भूमिधरी जमीन पर कब्जे के साथ निर्माण की जानकारी भुक्तभोगी को हुई तो मौके पर पहुंचकर उसने निर्माण कार्य बंद करने को कहा। आरोप है कि कब्जे का विरोध करने पर भू-माफिया ने उसे जान से मारने की धमकी देते दौड़ा लिया। किसी तरह जान बचाकर वह थाने पहुंचा।
मामले की नामजद शिकायत पुलिस से की। भुक्तभोगी की तहरीर पर सरायअकिल पुलिस ने लालचंद्र, रामराज समेत तीन कब्जेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ पीके यादव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।