पश्चिमशरीरा इलाके की एक युवती के साथ सरेराह दुष्कर्म का प्रयास किया गया। मंदिर से घर लौटते समय पड़ोसी गांव के एक युवक ने उसे दबोच लिया। चीखने-चिल्लाने पर युवक उसे धमकियां देते हुए भाग निकला।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती शनिवार की शाम गांव के बाहर स्थित मंदिर पर पूजा के लिए गई थी। लौटते समय जैसे ही वह मंदिर से निकलकर कुछ दूर पहुंची। धुंधलका होने के कारण पड़ोसी गांव के एक युवक ने अकेली देख बदनीयती से उसे पकड़ लिया। युवक उसे घसीटकर झुरमुट में ले जाने लगा। वह युवक के चंगुल से छूटने का प्रयास करते हुए चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर गांव के लोग दौड़े। ग्रामीणों को आता देख युवक धमकियां देते हुए भाग निकला। घर लौटी युवती ने युवक की कारस्तानी परिजनों को बताई, तो घरवाले सन्न रह गए। रविवार की सुबह पिता को साथ लेकर थाने पहुंची युवती ने युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।