खेत की ओर जा रहे मुजाहिदपुर गांव के युवक को शनिवार की सुबह सड़क पार करते समय तेज रफ्तार टवेरा ने कुचल दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे से घर में कोहराम मचा है।
कोखराज थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव निवासी लालचंद्र (22) पुत्र दुखीलाल शनिवार की सुबह करीब 9 बजे खेत की ओर जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह इलाहाबाद-कानपुर मुख्यमार्ग को पार करने लगा, तभी इलाहाबाद की ओर से आई तेज रफ्तार टवेरा की चपेट में आ गया। टवेरा की चपेट में आने से युवकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा देख आस-पास लोग भागकर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों और पुलिस को दी। युवक के मौत की खबर सुनते ही घर-परिवार में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन घटना स्थल पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।