सरायअकिल के सरैंचा (धर्मपुर) गांव में सोमवार रात बेखौफ चोर किसान का घर खंगाल ले गए। सेंध लगाकर घर के भीतर घुसे चोरों ने नगदी समेत करीब 80 हजार रुपए के गहने, बर्तन आदि पार कर दिए। घटना की जानकारी कुनबे को सुबह हुई। गांव पहुुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद पीड़ित किसान से तहरीर लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के सरैचा (धर्मपुर) निवासी उमेश कुमार पुत्र भगौती प्रसाद किसान है। सोमवार रात वह परिवार के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। रात घर के पीछे से दीवार फांदकर घुसे चोरों ने आलमारी का ताला तोड़ तीन हजार रुपए नगदी के साथ सोने-चांदी के गहने, बर्तन, कपड़े आदि करीब 80 हजार रुपए का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी पीड़ित कुनबे को सुबह हुई। घर का बिखरा सामान देख पीड़ित परिवार के होश उड़ गए। पड़ोसी के घर चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंची कनैली चौकी पुलिस ने जांच-पड़ताल करने के बाद पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।