पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के तेरह मील के पास साइकिल सवार को बचाने में बस और ट्रक आमने सामने भिड़ गए। जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की चीख पुकार सुन आसपास के लोगाें ने मौके पर पहुंच कर बस में फंसे लोगों को निकाल कर इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया है। जहां पर सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। हादसा देख दोनाें गाड़ियों के चालक मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनाें गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया है।
मंझनपुर से सवारी भर कर एक प्राइवेट बस इलाहाबाद जा रही थी। वह जैसे ही पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के तेरह मील के पास पहुंची ही सामने से एक साइकिल सवार आ धमका। उस साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बस पर चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही एक ट्रक से भिड़ गया। बस और ट्रक की भिड़ंत देख लोगोें मेें अफरा तफरी मच गई। लोगों की चीख पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंच कर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस मेें सवार संतोष कुमार (55) पुत्र छोटे लाल निवासी छबीलेपुर मनौरी, राम गोपाल (35) पुत्र राम सुमेर निवासी हिसामपुर बहरे मऊ, नजमा (32) पुत्र तारिक निवासी महगांव, संतोष कुमार (55) पुत्र आदित्य नारायण निवासी सेलरहा पूरब और ओम प्रकाश उर्फ अम्ब लाल (30) निवासी उमापुर को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया है। जहां पर दो की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने दोनों को इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया है।