सरायअकिल थाना क्षेत्र के कनैली चौराहे पर शनिवार की शाम शराब के नशे में धुत चचेरे भाई ने युवक को चाकू मार लहूलुहान कर दिया। युवक को लहूलुहान देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। युवक पर कातिलाना हमले के बाद से दोनों परिवार में तनातनी बनी हुई है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के कनैली गांव निवासी चितरंजन सिंह शनिवार की शाम कनैली चौराहे पर बैठा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान शराब के नशे में धुत चचेरा भाई उसके पास पहुंचा। पुरानी बात को लेकर उससे भिड़ गया। तीखी झड़प के के बाद चचेरे भाई ने युवक पर कातिलाना हमला कर दिया।
युवक को खून से लथपथ देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों को इकट्ठा होते देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जख्मी युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चौकी प्रभारी कनैली अवधेश कुमार ने बताया कि पारिवारिक दुश्मनी में हमला किया गया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।