भरवारी। बेखौफ चोर मंगलवार की रात भरवारी कस्बे के व्यापारी के घर के सामने से उसकी नई बोलेरो उठा ले गए। घटना कस्बे के उस मेहता रोड कस्बे की है, जहां से फर्लांगभर की दूरी पर भरवारी और सिंघिया चौकी स्थित है। उधर, घर के सामने से बोलेरो चोरी से कस्बे में सनसनी मची है। साथ ही व्यापारियों में घटना को लेकर गुस्सा भी है। वहीं भुक्तभोगी की शिकायत पर पुलिस बोलेरो चोरी करने वालों की तलाश में जुटी है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र की भरवारी बाजार के मेहता रोड पर एक्स-रे फिल्म की सप्लाई करने वाले ओमप्रकाश गुप्ता का मकान है। उन्होंने बताया कि 2 जुलाई 2014 को ही उन्होंने नई बोलेरो खरीदी थी। बताया कि मंगलवार को वह बोलेरो से फिल्म सप्लाई करने खागा (फतेहपुर) गए थे। रात करीब आठ बजे लौटने के बाद रोज की तरह उन्होंने अपनी बोलेरो घर के सामने ही खड़ी कर दी थी। सुबह सोकर उठने पर उन्हें घर के सामने की गई बोलेरो गायब मिली। यह देखते ही उनके होश उड़ गए। आसपास खोजबीन करने के बाद उन्होंने घटना की जानकारी भरवारी चौकी और कोखराज कोतवाली पुलिस को दी।
व्यापारी के घर के सामने से बोलेरो चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर आए एसओ कोखराज और चौकी इंचार्ज भरवारी ने भी छानबीन की। पूछताछ के दौरान कस्बे के कई लोगों ने बताया कि सुबह 4 बजे तक उन्होंने बोलेरो को खड़ी देखा था। यानि साफ है कि भोर में ही उचक्कों ने कोहरे का फायदा उठाते हुए बोलेरो पार की है। फिलहाल घर के सामने से बोलेरो गायब होने से कस्बाईयों में हड़कंप मचा है। साथ ही कस्बे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर गुस्सा है।