पश्चिमशरीरा के पूरबसरावां गांव में रविवार रात मानसिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रात में वह पत्नी और बच्चों के साथ सो रहा था तभी उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। देर रात हत्या की सूचना मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। हत्यारे कौन थे और किस रंजिश में उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया, इस बाबत कुछ पता नहीं चल सका है।
पूरबसरावां गांव का रहने वाला मानसिंह (35) पुत्र इन्द्रनारायण ने दलित बस्ती के समीप किराने की दुकान खोल रखी थी। रविवार रात वह दुकान के बाहर पत्नी और बच्चों के साथ सो रहा था। बताया जा रहा है कि रात करीब साढे़ बारह बजे अज्ञात लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गर्दन और सिर में गोली धंसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर जगी मीरा पति को खून से लथपथ देख चीख पड़ी। विवाहिता की चीख सुन घर-परिवार के साथ गांव के अन्य लोग घटना स्थल की ओर दौड़े। तब तक हमलावर भाग निकले।
सूचना पर देर रात डीएम अखंडप्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के भाई बालेन्द्र कुमार की तहरीर पर दो अज्ञात कातिलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसपी वीके मिश्र ने बताया कि घटना के बाबत परिजन पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं। एसओ पश्चिमशरीरा को जांच करने का निर्देश दिया गया है।