चरवा के सुधवर गांव में रविवार की शाम बिजली का खंभा गिरने से मजदूर की मौत हो गई। जबकि दो साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बिजली का पोल खड़ा करने के दौरान हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चरवा थाना क्षेत्र के सुधवर गांव में दीन दयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना के तहत गांव में बिजली के खंभे लगाए जा रहे थे। जिसमें सुधवर गांव का अवधेश पुत्र राजेश, दिलीप और दिलावर मजदूरी करते थे। रविवार की शाम गांव में मजदूर गांव में बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत पोल खड़ा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि विद्युत पोल खड़ा करते समय अचानक गिर पड़ा। पोल के नीचे दबने से अवधेश कुमार (22) पुत्र राजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलीप और दिलावर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे के बाद ठेकेदार मौके से भाग निकला। सूचना पर मजदूरों के घर वाले भाग कर घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जख्मी मजदूरों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई मजदूर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।