चरवा(कौशाम्बी)। थाना क्षेत्र के भिखारी का पुरवा गांव में बृहस्पतिवार की रात बेखौफ चोरों ने बंद मकान से नगदी समेत करीब तीन लाख रुपये के गहने पार कर दिए। सुबह घर में ताला लगाकर गृहस्वामी परिवार के साथ रिश्तेदार के शादी दावत में शामिल हो गया था। देर रात घर लौटने पर बिखरे सामान देख भुक्तभोगी के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद गृहस्वामिनी की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी है।
चरवा थाना क्षेत्र क भिखारी का पुरवा गांव निवासी पवन कुमार किसान है। इन दिनों वह परदेश गया है। गृहस्वामी की पत्नी सरिता देवी ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह देवर, देवरानी और बच्चों के साथ इलाहाबाद एक रिश्तेदार के घर आयोजित भोज कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। रात मकान में ताला बंद देख छत के सहारे भीतर घुसे चोरों ने सूटकेस, बक्सा आदि का ताला तोड़कर उनमें रखे दस हजार रुपये नगदी, सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े आदि करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। रात 11 बजे वह घर लौटी तो बिखरे सामान देख परिजनों के होश उड़ गए। पड़ोसी के घर चोरी की खबर लगते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद भुक्तभोगी की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी है।