दूसरे की दुकान का हिसाब नहीं जोड़ने से खफा दबंगों ने रेडीमेड कपड़ों के कारोबारी सगे भाइयों को रायफल की बट से जमकर पीटा। शोरगुल सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंचे तो हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले। शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पिपरी थाने के तियरा गांव निवासी राकेश कुमार व मुकेश कुमार सगे भाई है। उन्होने मकदूमपुर बाजार में रेडीमेड कपड़े की दुकान खोल रखी है। दुकान के बगल में राजीव केसरवानी की आढ़त है। गुरुवार की दोपहर दोनों भाई दुकान पर थे। इस दौरान बजहा गांव के मोबस्सिर, बद्दू और खेड़ुआ निवासी मऊद अपना गेंहू बेंचने राजीव की दुकान पर गए। गेंहू की तौल होने के बाद वह राकेश की दुकान पर आ गए। उनके पास लाइसेंसी रायफल थी। वह लोग राकेश से बेंचे गए गेंहू का हिसाब जोड़ने की जिद करने लगे।
दुकान पर काम ज्यादा होने की वजह से राकेश ने हिसाब जोड़ने से मना कर दिया। यह बात मोबस्सिर आदि को नागवार लगी। उन्होंने रायफल की बट से राकेश को पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचेमुकेश को भी जमकर पीटा गया। घटना के बाद तीनों हमलावर भाग निकले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।