चरवा कोतवाली क्षेत्र के रैया देह माफी गांव में पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी दबंगों ने एक महिला को बेरहमी से पीटा। जान बचाकर भागते वक्त उसपर कट्टे से फायर झोंक दिया। हालांकि महिला बाल-बाल बच गई। गुरुवार को उसने इसकी शिकायत एसपी से की है।
रैया देह माफी गांव की ऊषा देवी पत्नी रामदास ने बताया कि पड़ोसी दबंगों से उसके परिवार की पुरानी रंजिश है। इसे लेकर वह आए दिन गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पीड़िता की मानें तो 21 मार्च की शाम भी दबंग अपशब्द कह रहे थे। ऐतराज जताने पर पिटाई शुरू कर दी। जान बचाने के लिए महिला किसी तरह छूटकर घर की ओर दौड़ी तो एक दबंग ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गनीमत ये रही कि गोली महिला को लगी नहीं। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दिया। आरोप है कि पुलिस ने डेढ़ महीने बाद भी कार्रवाई नहीं की। एसपी प्रदीप गुप्ता ने चरवा कोतवाल को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।