मंझनपुर। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के मंदर गांव के समीप मंगलवार रात बेकाबू डंपर की टक्कर से एक बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। साथ रहा उसका भतीजा घायल हो गया। घायल को प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
प्रयागराज के राजरूपपुर मोहल्ले का देशराज पटारिया (55) मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। मंगलवार रात वह अपने भतीजे शिवम के साथ किसी काम से चायल गया था। लौटते वक्त मंदर गांव के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार चाचा-भतीजा गिर गए। इस दौरान डंपर देशराज को रौंदते हुए गुजर गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देशराज की सांसें थम गईं। घटना से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बतादें कि देशराज अपने पीछे पत्नी ऊषा के साथ 14 वर्षीय बेटी नेहा और 16 साल के रेहान को छोड़ गया है। हादसे के बाद से इन सभी के आंसू नहीं थम रहे हैं।