आबकारी पुलिस ने सोमवार की शाम हाइवे पर कोखराज के चाकवन चौराहे के समीप से शराब लदी डीसीएम पकड़ी। इसमें से टीम को 600 पेटी देसी शराब मिली है। आबकारी अफसरों के मुताबिक पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 22 लाख रूपये है। वहीं आबकारी टीम को देखते ही गाड़ी छोड़कर तस्कर भार निकले। डीसीएम चालक को गिरफ्तार करके शाराब को कब्जे में ले लिया गया है। आबकारी निरीक्षक ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।
द्वाबा में अर्से से मादक पदार्थो की तस्करी हो रही है। गैर प्रांतों से गांजा, अफीम के साथ देसी और विदेशी मदिरा की खेप भी लाकर यहां खपाई जाती रही है। आए दिन शराब आदि की धरपकड़ इसकी बानगी है। सोमवार की शाम को भी कोखराज के चाकवन चौराहे के समीप स्थित एक ढाबे पर शराब से लदी डीसीएम को आबकारी टीम ने पकड़ा। टीम ने शराब लदी डीसीएम के साथ चालक अशोक यादव निवासी भदोही को भी हिरासत में ले लिया। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान डीसीएम चालक का कहना है कि शराब की यह खेप सतना से हंडिया (इलाहाबाद) जा रही थी। डीसीएम में कुल शराब की 600 पेटी लदी थी। विभागीय अफसरों के मुताबिक बरामद हुई शराब की कीमत करीब 22 लाख रूपये है। शराब की बॉटल में नर्मदा बिस्लरी प्राइवेट लिमिटेड सतना मध्यप्रदेश फैक्ट्री का रैपर चस्पा हैं। साथ ही स्पेशल बांम्बे व्हिस्की के नाम का लेबल भी लगा है। आबकारी टीम ने शराब लदी डीसीएम को कब्जे में लेते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।