मुख्यालय स्थित पावर हाउस के समीप रहने वाले अधिवक्ता चिरंजीव सोनकर की पत्नी ने जहर खाकर जान दे दी। घटना के वक्त वह अपने कमरे में अकेली थी। उल्टी होने से विवाहिता की हालत बिगड़ी तो परिजन उसे इलाज के लिए प्रयागराज ले गए थे। अधिवक्ता की शिकायत पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिवक्ता चिरंजीव सोनकर मंझनपुर जिला कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। चिरंजीव के मुताबिक वर्ष 2015 में उसकी शादी प्रयागराज शहर के काटजू रोड नखास कोहना निवासी मुरनी सोनकर की बेटी सिम्पल के साथ हुई थी। आठ जून की रात परिवार के लोग गर्मी ज्यादा होने के कारण बाहर हो रहे थे। पत्नी अपने कमरे में थी। देर रात उसे उल्टी होने लगी। विवाहिता की हालत नाजुक होने पर घरवालों को घटना की जानकारी हुई। आननफानन उसे इलाज के लिए समदा रोड स्थित निजी अस्पताल लाया गया।
यहां विवाहिता ने जहर खाने की बात कही। इसके बाद चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। परिजन प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में सिम्पल का इलाज करा रहे थे। यहां इलाज के दौरान नौ जून की सुबह विवाहिता ने दम तोड़ दिया। चिंरजीव की सूचना पर प्रयागराज पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।