चरखी दादरी। रोहतक जिले के गांव चमारियां निवासी एक चालक ने डंपर सहित 20 हजार रुपये की-नकदी छीनने के आरोपियों पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सोमवार को उसने एसपी कार्यालय व सीएम विंडो पर शिकायत दी है। शिकायर्ता ने फरियाद में बताया कि उससे छीना गया डंपर सदर थाने में खड़ा है लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, पुलिस उस पर समझौते का दबाव बना रही है।
एसपी ऑफिस व सीएम विंडो पर दर्ज करवाई शिकायत में डंपर चालक सोनू ने बताया कि वह पानीपत के समालखा निवासी एक व्यक्ति का डंपर चलाता है। उसे बिरही कलां क्रशर जोन से डंपर में माल भरना था। डंपर को क्रशर जोन पर खड़ा कर रखा था। इसी बीच तीन व्यक्ति वहां आए उन्होंने रात के समय हथियार दिखाकर उसे नीचे उतार दिया। तीनों व्यक्ति उससे डंपर, 20 हजार की नकदी और कागजात छीन ले गए। इस घटना के बाद उसने पुलिस को फोन पर सूचित किया और पुलिस मौके पर भी पहुंची। शनिवार सुबह पुलिस ने डंपर गाड़ी को तिवाला गांव से बरामद कर लिया। डंपर चालक का आरोप है कि इस मामले में पुलिस का एक अधिकारी उस पर समझौते का दबाब बना रहा है। एसपी से की शिकायत में बताया कि उसने डंपर गाड़ी में जीपीएस सिस्टम भी लगवा रखा है जिससे डंपर की लोकेशन गांव तिवाला दर्शाई जा रही है। इस संबंध में सदर पुलिस थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस ने डंपर छीनने संबंधी केस दर्ज नहीं किया है।