चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र की एक युवती प्रेम में धोखा खाने के बाद खुदकुशी कर ली। पहले प्रेमी ने सगाई तोड़ी। इसके बाद प्रेमी शादी से मुकर गया तो मनौरी रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रेन के सामने कूद गई। युवती की मौत से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र की एक युवती का पड़ोसी युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी हुई तो परिजनों के होश उड़ गए। परिवार वालों ने युवती की शादी तय कर दी। महीने भर पहले आननफानन सगाई भी करा दी। बताया जाता है कि युवती ने मंगेतर को फोन करके खुद शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद वह प्रेमी पर शादी का दबाव बनाने लगी। ग्रामीणों की मानें तो शनिवार सुबह युवती ने फोन पर प्रेमी से बात की।
इस दौरान वह विवाह करने से मुकर गया तो फोन पर बातें करते हुए ही मनौरी रेलवे क्रॉसिंग पहुंच गई और ट्रेन के सामने कूद गई। जिससे उसके चीथड़े उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची जीआरपी ने जांच के बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह का कहना है कि फिलहाल किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिली तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।