जख्मी बेटे को देखने आ रही महिला को कुचलने का प्रयास
एसपी के निर्देश पर सदर कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। मारपीट के एक मामले में गंभीर रूप से जख्मी बेटे को जिला अस्पताल देखने आ रही महिला को विपक्षी ने बाइक से कुचलने का प्रयास किया। घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत के बाद एसपी ने सदर कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
कोखराज कोतवाली के शोभना गांव निवासी कमलाशंकर सिंह के बेटे आलोक को पड़ोसी आनंद आदि ने नौ मार्च 2019 को बेरहमी से मारापीटा था। मारपीट में आलोक का पैर टूट गया था। कोखराज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आलोक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। 12 मार्च को आलोक की मां ऊषा देवी उसे देखने के लिए जिला अस्पताल आ रही थी। समदा चौराहे पर विक्रम से उतरने के बाद ऊषा पैदल ई-रिक्शा पकड़ने के लिए मंझनपुर रोड पर आ रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार आनंद ने उसे जान से मारने की नीयत से टक्कर मार दिया। हादसे में ऊषा को गंभीर चोट आई। स्थानीय लोग दौड़े तो बाइक सवार भाग निकला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने ऊषा को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की तहरीर ऊषा के पति कमला शंकर सिंह ने सदर कोतवाली पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर गुरुवार को पीड़िता के पति कमला शंकर ने एसपी प्रदीप गुप्ता से शिकायत की। एसपी ने मामले में सदर कोतवाल उदयवीर सिंह को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।