गला दबाकर विवाहिता की हत्या का प्रयास
-पीड़िता ने शराबी जेठ पर लगाया आरोप, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
चरवा में शुक्रवार रात कलयुगी जेठ ने नशे की हालत में गला दबाकर विवाहिता की हत्या करने का प्रयास किया। उसकी चीख सुन घर-परिवार के साथ गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। मोहल्ले वालों के बीच-बचाव करने पर विवाहिता की जान बची। पीड़िता से तहरीर लेकर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
चरवा की शोभा देवी पत्नी रामबाबू ने बताया कि उसका पति मुंबई में रहकर कमाई करता है। घर में वह तीन बच्चों के साथ अकेली रहती है। आरोप है कि जेठ आए दिन शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करने पर आमादा रहता है। शुक्रवार रात वह आंगन में बच्चाें के साथ सोई थी। इसी दौरान शराब के नशे में धुत जेठ पहुंचा और उसे दबोच कर पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी जेठ ने गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। मां को पिटते देख बच्चे चीख पड़े । बच्चों की चीख सुन परिवार के अन्य लोगों के साथ मोहल्ले के भी लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों के बीच बचाव पर विवाहिता की जान बची। शनिवार को थाने पहुंची पीड़िता ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़िता से तहरीर लेकर पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।