फाइनेंस बैंक का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
ट्रेनिंग से लौटे मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
भरवारी। उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक भरवारी का ताला तोड़कर शातिरों ने दो लाख 38 हजार रुपया पार कर दिया। ट्रेनिंग से लौटे मैनेजर ने ताला टूटा देखा तो पुलिस को खबर दी। छानबीन के बाद बुधवार को पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर पालिका परिषद भरवारी स्थित उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक के शाखा प्रबंधक देव कुमार ने कोखराज कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात फरवरी से दो दिवसीय बैंक में अवकाश था। इस दौरान उनकी ट्रेनिंंग वराणसी में हुई थी। बैंक की चाबी दो कर्मचारियों के पास हुआ करती है। ट्रेनिंग से लौटने के बाद वह बैंक पहुंचे तो वहां का ताला टूटा था। घटना की जानकारी तत्काल यूपी-100 को दी गई। सूचना पर पुलिस पहुंची तो बैंक के अंदर जाकर चेस्ट रूम देखा गया। देव कुमार के मुताबिक चोर बैंक से दो लाख 38 हजार 838 रुपया उठा ले गए थे। पुलिस ने छानबीन के बाद बुधवार को घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर कोखराज राकेश सरोज का कहना है कि घटना की जांच किया जा रहा है। मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
-------