मंझनपुर। विद्युत पोल गाड़ने चरवा कोतवाली क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर गांव पहुंची बिजली विभाग की टीम से बुधवार को सगे भाइयों ने अभद्रता की। बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विद्युत माध्यमिक कार्यखंड प्रयागराज के अवर अभियंता गुलाब प्रसाद कोठार्य ने बताया कि मोहिउद्दीनपुर गांव का विद्युतीकरण हो रहा है। जेई की मानें तो गांव के मंजीत व पिंटू पुत्रगण दयाराम खंभा नहीं गाड़ने दे रहे हैं। कर्मचारियों, मजदूरों को वह गाली-गलौज करके भगा देते हैं। इसकी शिकायत पर बुधवार को जेई खुद टीम के साथ पोल गड़वाने गए थे। आरोप है कि दबंग भाइयों ने पूरी टीम के साथ अभद्रता की।
जेई के सामने खंभा तोड़ दिया। शोर-शराबा सुन ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंच जाते तो नौबत मारपीट की आ जाती। मामला शांत होने के बाद जेई ने पुलिस को तहरीर दिया। मामले में चरवा इंस्पेक्टर अरविंद तिवारी का कहना है कि एफआईआर लिखकर प्रकरण की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।