बेखौफ चोरों ने किसान के घर से लाखों का माल उड़ाया
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के सरपताही गांव में बुधवार रात हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
पश्चिमशरीरा। क्षेत्र के सरपताही गांव में बुधवार रात सेंध काटकर एक किसान के घर से चोरों ने नगदी, गहने सहित लाखों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी गृहस्वामी को सुबह हुई। उसने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
सरपताही (पूरबशरीरा) निवासी राजबहादुर सिंह किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। बुधवार रात वह और उसके परिवार के सदस्य छत पर सो गए। इस दौरान सेंध काटकर भीतर घुसे चोर करीब पांच हजार रुपया नगद, लगभग साढ़े तीन लाख रुपया कीमत के गहने, कपड़ा, बर्तन, बिस्तर, अनाज, एटीएम कार्ड व चेकबुक सहित चार लाख के आसपास का सामान उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही परिवारीजनों के होश उड़ गए। चोरी की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। हालांकि प्राथमिक जांच में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। मामले में पश्चिमशरीरा एसओ हेमंत मिश्रा का कहना है कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। उधर, घटना को लेकर ग्र्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि चुनावी व्यस्तता के आगे पुलिस गश्त की ओर ध्यान नहीं दे रही है। इसी से चोरों का हौसला बढ़ा हुआ है।
-----
छत से गिरकर ग्रामीण की मौत, कोहराम
मूरतगंज (ब्यूरो)। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के छीता हर्रायपुर गांव का मूले रैदास (40) किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। बुधवार रात गर्मी के चलते वह छत पर सोने चला गया। मध्य रात्रि के करीब शौच के लिए उठा और अचानक नीचे गिर गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिवार वालों ने बिना पोस्टमार्टम कराए मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा का कहना है कि किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिली तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने संदिग्ध मौत की फर्जी अफवाह फैला दी थी।
-----