नशे में धुत युवकों ने विवाहिता को पीटा, रिपोर्ट दर्ज
मंझनपुर (ब्यूरो)। शराब के नशे में धुत युवकों ने एक महिला के घर में जमकर उत्पात मचाया। नशा चढ़ने के बाद आरोपियों ने विवाहिता को गाली-गलौच देने के साथ ही पीटा भी। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोखराज कोतवाली के आलमचंद्र गांव की रहने वाली गुड्डी देवी पत्नी बुधराम ने एसपी से की गई शिकायत में बताया कि दो अप्रैल को उसके यहां गांव के विजय सिंह व मोनू आए थे। दबंगई दिखाते हुए उन्होंने गिलास और पानी मांगा। इसके बाद दोनों ने छककर शराब पी। शराब का नशा चढ़ने के बाद वह लोग गुड्डी को गाली देने लगे। विरोध करने पर दोनों ने महिला को जमकर पीटा। शोरगुल पर पहुंचे मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। मामले की शिकायत कोखराज कोतवाली में की गई। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर विवाहिता ने एसपी प्रदीप गुप्ता से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर कोखराज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा है।
--------
किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट
मंझनपुर (ब्ययूरो)। कोखराज इलाके की किशोरी को कथित तौर पर भगाकर दुष्कर्म करने के आरोपी के खिलाफ कोखराज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दुष्कर्म पीड़िता को पांच माह का गर्भ ठहरने के बाद उसके परिजनों को घटना की जानकारी हुई थी।
कोखराज इलाके के एक गांव की रहने वाली किशोरी का पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग था। दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। मामला सजातीय होने की वजह से लोगों ने रिश्ते को मौखिक मंजूरी दे दी। इस बीच किशोरी का युवक से अवैध सम्बंध स्थापित हो गया। जिसमें किशोरी गर्भवती हो गई। इन दिनों उसके पेट में पांच माह का गर्भ है। मामले की जानकारी किशोरी के घरवालों को हुई तो उन्होंने शादी से इंकार कर दिया। मामल की तहरीर कोखराज पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपी मोहन लाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
---------