बाइक एजेंसी से दो लाख रुपया नगद उड़ाया
सरायअकिल कस्बे के फकीराबाद मोहल्ले में रविवार रात हुई घटना
सरायअकिल (ब्यूरो)। फकीराबाद चौराहा स्थित एक बाइक एजेंसी से शटर तोड़कर रविवार रात चोरों ने करीब दो लाख रुपया नगद पार कर दिया। एजेंसी मालिक ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर टप्पा निवासी इदरीश अहमद पुत्र नफीस ने फकीराबाद चौराहे पर बाइक एजेंसी खोल रखी है। रविवार रात वह और अन्य सभी वर्कर एजेंसी बंद करके घर चले गए। इस दौरान शटर तोड़कर भीतर घुसे चोर गल्ले में रखा करीब दो लाख रुपया नगद उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। मामले में सरायअकिल इंस्पेक्टर प्रदीप राय का कहना है कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।