पिपरी कोतवाली क्षेत्र की एक विवाहिता का पड़ोसन ने सवा लाख रुपये में सौदा कर दिया। सोमवार शाम दो दिन बाद किसी तरह पीड़िता खरीदार के चंगुल से छूटकर घर भाग आई। उसके भाई ने आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।
पिपरी इलाके की एक महिला ने बताया कि पति से उसकी पटती नहीं है। इस कारण करीब पांच साल से वह अपने मायके में रह रही है। पीड़िता के मुताबिक 17 नवंबर को पड़ोसन काम दिलाने के बहाने उसे फरूखाबाद ले गई और वहां एक युवक के हाथ सवा लाख रुपये में बेच दिया। बताया कि खरीदार उसे एक कमरे में बंद किए हुए था। कई बार उसने शारीरिक संबंध बनाने का भी प्रयास किया। विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई की।
पीड़िता की मानें तो सोमवार को वह किसी तरह खरीदार के चंगुल से छूटकर घर भाग आई। उसने आपबीती परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित महिला के भाई ने पुलिस को तहरीर दे दी है। मामले में पिपरी इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज का कहना है कि आरोपों की जांच कराई जा रही है। इसके बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।