सड़क हादसे में बोलेरो चालक की मौत, छह घायल
-घटमापुर उपकेन्द्र के समीप शनिवार की सुबह हुई घटना
-धाता से इलाहाबाद जा रही थी बोलेरो, परिजनों में कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
उदिहिन/पइंसा (कौशाम्बी)। धाता-सिराथू मार्ग पर घटमापुर उपकेन्द्र के समीप शनिवार की सुबह ट्रक-बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक की मौके पर ही मौत हो गई जब कि बोलेरो सवार अन्य छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
फतेहपुर धाता के तिहारी गांव का पवन कुमार (30) पुत्र ओम प्रकाश बोलेरो चालक है। शनिवार सुबह वह सवारी लेकर इलाहाबाद जा रहा था। घटमापुर उपकेन्द्र के समीप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बोलेरो चालक पवन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बोलेरो सवार ओम प्रकाश चौरसिया पुत्र देवदत्त, शहीदुननिशा पत्नी अनवार अहमद, तबस्सुम बानो पत्नी नफीस अहमद, बसंत लाल निवासी सेलरहा समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसा देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पर घटना स्थल पहुंची पुलिस ने बोलेरो में फंसे घायलों के साथ शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए घटना की जानकारी मृतक और घायलों के परिजनों को दी। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
------------------
कोहरे की धुंध से हुआ हादसा
मंझनपुर(ब्यूरो)। घटमापुर गांव के समीप शनिवार की सुबह ट्रक और बोलेरो की भिड़ंत कोहरे की धुंध से हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बोलेरो चालक कोहरे के चलते सामने से आ रहे ट्रक को नहीं देख सका था। जब तक खुद को संभालता ट्रक से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो घटना के पीछे कोहरे की घनी चादर है।
---------------------