ड्राइवर को बंधक बना लूट ले गए ट्रैक्टर
-बुधवार रात रतगहा गांव के समीप हुई सनसनीखेज वारदात
-कोखराज के चाकवन के समीप सड़क किनारे पड़ा मिला चालक
-इंडिका सवार चार अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चरवा (कौशाम्बी)। चरवा के रतगहा गांव के समीप बुधवार रात सनसनीखेज वारदात हुई। सैदपुर से बालू लेकर नवाबगंज जा रहे ट्रैक्टर चालक को बंधक बनाकर बदमाश ट्रैक्टर लूट ले गए। सुबह चालक कोखराज के चाकवन गांव के समीप सड़क किनारे बेहोश मिला। चालक की तहरीर पर चरवा पुलिस इंडिका सवार चार अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।
इलाहाबाद (नवाबगंज) के होल्दा महेशपुर गांव निवासी भुल्लू पुत्र शिवनाथ ट्रैक्टर चालक है। बुधवार को वह पिपरी के सैदपुर घाट पर बालू लेने आया था। रात में वह बालू लेकर लौट रहा था। चरवा के रतगहा गांव के समीप पीछे से आए इंडिका सवार युवक ने ओवरटेक करने को लेकर चालक से भिड़ गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसके साथ रहे अन्य दो ट्रैक्टर चालक दूर निकल गए। इसके बाद बदमाशों ने भुल्लू को दबोचकर हाथ-पैर व आंख-मुंह बांध दिया। इसके बाद कोखराज के चाकवन गांव के समीप सड़क किनारे फेंक ट्रैक्टर ट्राली लेकर भाग निकले। सुबह होश में आने के बाद चालक कोखराज थाने पहुंचा और घटना की शिकायत की। इस पर पुलिस ने उसे चरवा थाने भेज दिया। चालक भुल्लू की तहरीर पर पुलिस इंडिका सवार चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
वसूली में संलिप्त दरोगा-सिपाही सस्पेंड
-100 डॉयल के चालक होमगार्ड की सेवा समाप्ति का एसपी ने कमांडेंट को लिखा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। गश्त के दौरान वाहनों को रोक कर वसूली करना 100 डॉयल के दरोगा और सिपाही को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल खबर की जांच पड़ताल करते हुए एसपी ने एचसीपी और सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। साथ रहे चालक होमगार्ड के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट को पत्र लिखा है। एसपी की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा है।
कोखराज हाईवे पर लगी 100 डॉयल गाड़ी 1207 में तैनात एचसीपी मोहम्मद कलीम, सिपाही इसरार खान के साथ चालक होमगार्ड अनूप कुमार ने मंगलवार रात कार सवार महिला को रोककर वसूली का प्रयास किया था। महिला के विरोध करने पर पुलिस कर्मी माफी मांगते हुए पैरों पर गिर पड़े। इसी दौरान किसी ने घटना की वीडियो क्लिप बना ली। दूसरे दिन वीडियो क्लिप वायरल हुई तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सीओ सिराथू को जांच के निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने जांच रिपोर्ट के बाद वसूली में संलिप्त एचसीपी मोहम्मद कलीम, सिपाही इसरार खान को सस्पेंड कर दिया। साथ ही चालक होमगार्ड अनूप कुमार को हटाते हुए जिला कमांडेंट होमगार्ड को गार्ड की सेवा समाप्ति का निर्देश दिया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है।