मंझनपुर। सेंट्रल बैंक की पिंडरा शाखा में चोरी करने वाले एक आरोपी को करारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसका सहयोग करने वाले युवक को भी पकड़कर जेल भेजा गया है। एक अन्य शातिर अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
करारी कोतवाली क्षेत्र के पिंडरा गांव में सेंट्रल बैंक की शाखा है। इस शाखा में नौ सितंबर की रात चोरी हुई थी। सेंध काटकर चोर एक मॉनीटर व की-बोर्ड उठा ले गए थे। मामले में मैनेजर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। बुधवार सुबह करारी एसओ राजेश सिंह को सूचना मिली कि चोरी का आरोपी ज्ञानचंद्र पुत्र रामऔतार निवासी गुरैनी थाना पश्चिमशरीरा करारी चौराहे पर ही खड़ा है। खबर मिलते ही उन्होंने हमराही विष्णु पाल सिंह आदि के साथ दबिश देकर ज्ञानचंद्र को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की दो की-बोर्ड व एक तमंचा बरामद किया गया। पूछताछ में ज्ञानचंद्र ने पुलिस को बताया कि बैंक से चुराया गया मॉनीटर उसके साथी राजाराम निवासी बहादुरपुर थाना मंझनपुर के पास है। यह भी बताया कि चोरी का माल वो करारी इलाके के सादिकपुर सेमरहा निवासी सरोज कुमार पुत्र शिवनारायण के घर में छिपाता था। इसके बाद पुलिस ने सरोज कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। फरार राजाराम की तलाश की जा रही है। पत्रकार वार्ता करते हुए एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।