कलक्ट्रेट स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा में हुए चोरी के प्रयास मामले में पुलिस ने करीब तीन बदमाशों को उठाकर उनसे पूछताछ की। हालांकि सीसीटीवी फुटेज से किसी का हुलिया नहीं मिला। अन्य संदिग्धों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
हाईसिक्योरिटी जोन कहे जाने वाले मुख्यालय स्थित कलक्ट्रेट परिसर में बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा है। बुधवार रात चार तालों को तोड़ने के बाद बदमाश भीतर स्ट्रांग रूम तक पहुंचे। हालांकि लॉकर तोड़ने में कामयाब नहीं हुए। मामले में शाखा प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। शाखा के भीतर घुसा चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। घटना का खुलासा करने की नीयत से पुलिस ने इलाके के लगभग तीन संदिग्धों को गुरुवार रात उठाया। उनसे घंटे भर तक कड़ी पूछताछ की गई। वीडियो फुटेज देखकर हुलिया मिलवाया गया। हालांकि कामयाबी नहीं मिली। मामले में नगर कोतवाल उदयवीर सिंह का कहना है कि अन्य संदिग्धों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।