गमगीन माहौल में हुआ आरती और प्रमेश का अंतिम संस्कार
सुजातपुर रेलवे स्टेशन के समीप रविवार रात प्रेमी युगल ने ट्रेन के सामने कूदकर दी थी जान
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के कोर्रों निवासी प्रेमी युगल का मंगलवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले में किसी पक्ष ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
कोर्रों निवासी प्रमेश शंकरगढ़ में पेंटिंग का काम करता था। सोमवार सुबह सुजातपुर रेलवे स्टेशन के समीप ट्रैक पर उसका क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला था। बगल में कोर्रों गांव की ही आरती की भी लाश पड़ी थी। पुलिस के मुताबिक दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे। इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने आरती की शादी तय कर दी थी। इसी से परेशान होकर युगल ने आत्मघाती कदम उठाया। मृतकों के शव का सोमवार को ही पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद मंगलवार सुबह परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार में पूरा गांव उमड़ पड़ा। परिवार वाले खुद की जिद को घटना का जिम्मेदार ठहरा रहे थे। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा का कहना है कि किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। प्रकरण खुदकुशी का है। तहरीर मिली तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।