स्कूली बच्चों से भरा विक्रम पलटा, चार जख्मी
चायल (ब्यूरो)। नेवादा बाजार के समीप मंगलवार सुबह स्कूली बच्चों से भरा एक विक्रम अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक अध्यापक व तीन विद्यार्थी घायल हो गए। सभी को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है।
सरायअकिल इलाके के अहलादपुर गांव से स्कूली बच्चों को लेकर मंगलवार सुबह विक्रम नेवादा स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल स्कूल जा रहा था। स्कूल से कुछ दूर पहले ही तेज गति में होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और विक्रम अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में शिक्षक रंजीत सिंह का हाथ टूट गया। वहीं, छात्र हर्ष यादव (7), सपना यादव (6) और मानसी (6) घायल हो गए। दुर्घटना देख आसपास रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने चीख-पुकार के बीच विक्रम के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सभी को नेवादा पीएचसी में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सड़क हादसों में दंपति सहित चार घायल
चायल (ब्यूरो)। सरायअकिल कस्बे के फकीराबाद मोहल्ले का नदीम अहमद मंगलवार सुबह अपनी बीवी शबनम के साथ सल्लाहपुर जा रहा था। चायल कस्बे के समीप अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दंपति घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी तरह पिपरी के कसेंदा गांव का दशरथ लाल आइसक्रीम विक्रेता है। सुबह वह आइसक्रीम लेने मनौरी बाजार गया था। लौटते वक्त गुंगवा की बाग के पास कुत्ते को बचाने में बाइक पलट गई। हादसे में दशरथ घायल हो गया। ऐसे ही लोधौर गांव का कौशलेन्द्र पुत्र लवकुश सुबह तिल्हापुर मोड़ जा रहा था। तिल्हापुर मोड़ के समीप ही पीछे से आई अप्पे ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वो घायल हो गया।