मंझनपुर। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में ब्याही एक महिला को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़िता ने रविवार को एसपी से शिकायत की है।
महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की एक महिला ने बताया कि छह मई 2017 को उसका विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही बतौर दहेज दो लाख रुपये और बाइक की मांग को लेकर ससुराली उसे प्रताड़ित करने लगे। जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की,लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। पीड़िता के मुताबिक 22 फरवरी को छत से गिरकर उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद ससुरालीजनों का उत्पीड़न और बढ़ गया। हफ्ते भर पहले कमरे में बंद पिटाई की गई। इसी बीच मौका पाकर भाग निकली। मायके जाकर उसने आपबीती मां-बाप को बताई तो उनके होश उड़ गए। मायके वालों ने एक फिर समझौते का प्रयास किया। बात नहीं बनने पर रविवार को पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर दी। एसपी प्रदीप गुप्ता ने कौशाम्बी इंस्पेक्टर को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। कौशाम्बी कोतवाल उमाशंकर यादव का कहना है कि आरोपों की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।