छात्रा से रेप की कोशिश, दहशत में छोड़ा स्कूल
15 जनवरी की शाम बाजार से घर लौटते समय हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर । कस्बे की एक छात्रा के साथ पड़ोसी युवक ने दुराचार का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। धमकी से सहमी छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। आरोप है कि तहरीर के बावजूद कोतवाली पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। बुधवार को पीड़िता ने डीएम से मिलकर इंसाफ की गुहार लगाई है।
मंझनपुर कस्बे के एक मोहल्ले की 16 वर्षीय किशोरी कक्षा नौ की छात्रा है। 15 जनवरी की शाम वह खरीदारी करने बाजार गई थी। वापस घर लौटते समय रास्ते में पुलिया के पास पहले से घात लगाकर बैठे पड़ोसी युवक ने उसे दबोच लिया। चीखपुकार सुन लोगों को आता देख आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। घर पहुंची पीड़िता ने आप बीती बताने के बाद परिजनों संग कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। आरोप है कि हफ्ते भर से जांच के नाम पर पुलिस उसे टहला रही है। कार्रवाई नहीं होने से आरोपी के हौसले बढ़े हुए हैं। दहशत में छात्रा ने स्कूल भी छोड़ दिया है। बुधवार को पीड़िता की शिकायत पर डीएम ने कोतवाली पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया है।
विवाद में भिड़े पड़ोसी, दो महिलाएं जख्मी
कनैली (ब्यूरो)। सरायअकिल के कनैली गांव में बुधवार की सुबह मामूली बात को लेकर महिलाओं के बीच मारपीट हो गई। घटना में दो महिलाएं घायल हो गईं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से दस लोगों को हिरासत में ले लिया।
कनैली निवासी संतलाल और उसके पड़ोसी घसीटे की महिलाओं के बीच बुधवार की सुबह मामूली बात को विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों तरफ से महिलाओं के साथ ही पुरुष भी लाठी-डंडा लेकर निकल आए। मारपीट में संतलाल की बेटी सरिता तथा घसीटे की बहु जख्मी हो गई। चीखपुकार सुन पड़ोसी ग्रामीण इकट्ठा हो गए। बीच-बचाव कर किसी तरह से मामला शांत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को डॉक्टरी के लिए भेजने के साथ ही दोनों पक्षों के पांच-पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।