कार ने बाइक सवार को रौंदा, मौत
कोखराज थाने के समीप बृहस्पतिवार की सुबह हुआ हादसा, परिजनों में कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
हाईवे पर कोखराज थाने के समीप सड़क पार कर रहे बाइक सवार को कार ने टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार सवार युवकों को हिरासत में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कोखराज थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव का रामबाबू (40) पुत्र मोतीलाल किसान था। बृहस्पतिवार की सुबह वह भरवारी बाजार जाने के लिए घर से निकला था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह कोखराज थाने के समीप पहुंचे भरवारी रोड की ओर मुड़ा कि इसी दौरान कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मारने के बाद युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कार सवार को दौड़ाकर धर दबोचा। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।