बकाया मांगने पर मां-बेटों को बेरहमी से पीटा
करारी कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर गांव का मामला, दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
पिंडरा। करारी कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर गांव में गुरुवार सुबह बकाया मांगने पर दबंग ने एक महिला को बेरहमी से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटों की भी पिटाई की गई। पीड़िता ने दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
रानीपुर गांव की रुपरेखा पत्नी मनोहर ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसने पड़ोसी को नौ हजार रुपया उधार दिया था। पीड़िता की मानें तो पड़ोसी ने दस रोज में रकम लौटा देने का वादा किया था। अब वह रकम नहीं दे रहा है। रुपया मांगने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाता है। बताया कि गुरुवार सुबह तकादा करने घर जाने पर पड़ोसी गाली-गलौज करने लगा। ऐतराज जताने पर पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे प्रमोद और उत्तम को भी पीटा। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।