रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 3.30 लाख ठगे
सैनी कोतवाली क्षेत्र के साढ़ो गांव का युवक हुआ ठगी का शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सैनी कोतवाली क्षेत्र के साढ़ो गांव में रहने वाले एक युवक से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाज ने 3.30 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने सोमवार को इसकी शिकायत एसपी से करके कार्रवाई की मांग की है।
साढ़ो निवासी अमरनाथ पुत्र बृजभान ने बताया कि करीब छह महीने पहले उसकी मुलाकात फतेहपुर शहर निवासी युवक से हुई। पीड़ित के मुताबिक युवक ने कहा कि उसके पिता रेल विभाग में बड़े स्तर के अधिकारी हैं और रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.30 लाख रुपया ले लिया। बताया कि दो महीने तक फरेबी नौकरी दिलाने के नाम पर आज-कल करता रहा। इसके बाद रुपया लौटाने की बात कहने लगा। अब रकम मांगने पर जिंदा जलाकर मार डालने की धमकी देता है। कहीं भी शिकायत करने पर फोन करके धमकाता है। परिवार के लोगों को भी धमकियां देता है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सैनी कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
-----
कछुआ पॉवर हाउस में बिचौलिये का कब्जा
मंझनपुर (ब्यूरो)। सिराथू इलाके के कछुआ विद्युत उपकेन्द्र में केसरिया गांव का एक बिचौलिया सक्रिय है। केसरिया गांव के ही राजू मौर्य ने बताया कि प्राइवेट लाइनमैन के पद पर तैनात बिचौलिया उपभोक्ताओं के हर काम में दखल देता है। पॉवर हाउस को वह अपनी निजी फैक्ट्री की तरह चलाता है। ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर रुपयों की मांग करता है। नहीं देने पर ट्रांसफार्मर नहीं देता है। शिकायतकर्ता की मानें तो उसने इसकी शिकायत कई बार विभागीय अफसरों से की। क्षेत्रीय विधायक को भी शिकायती पत्र दिया। पर, बिचौलिये के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर इलाके के लोग खासे परेशान हैं।