मंझनपुर। पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी का पड़ोसी ने तमंचा सटाकर अपहरण कर उसके साथ दरिंदगी की। पीड़िता की मां जब थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची तो उसे पुलिस ने दुत्कार कर भगा दिया। मामले की शिकायत एसपी से करने पर उन्होंने इंस्पेक्टर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पश्चिमशरीरा इलाके की एक 13 वर्षीय लड़की ने बताया कि शनिवार को वह अपनी मां के साथ छत पर सो रही थी। तभी पड़ोसी युवक दीवार फांदकर आया और कनपटी पर तमंचा सटाकर उसे अपनी छत में घसीट ले गया। वहां उसने किशोरी के साथ दरिंदगी की। विरोध करने पर लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। इसके बाद पीड़िता को कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित लड़की की मां का आरोप है कि घटना की शिकायत उसी दिन स्थानीय पुलिस से की थी। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई के बजाए दुत्कार कर भगा दिया। इसके बाद सोमवार को पीड़िता की मां ने एसपी को तहरीर दी। एसपी प्रदीप गुप्ता ने पश्चिमशरीरा इंस्पेक्टर को घटना की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उधर, पीड़िता का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने से युवक का हौसला बढ़ गया है। वह लगातार सुलह का दबाव बना रहा है। ऐसा नहीं करने पर जिंदा जलाकर मार डालने की धमकी देता है।