मंझनपुर/पश्मिशरीरा। पूरबशरीरा गांव में ब्याही एक युवती शादी के करीब दो महीने बाद ही करीब चार लाख रुपये लेकर फरार हो गई। पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवती व उसके पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के पूरबशरीरा निवासी बाल कुमार पुत्र छेदी ने बताया कि तीन महीने पहले उसका विवाह चित्रकूट जिले के राजापुर थाना स्थित अगरहुडा गांव की एक युवती से हुआ था। पीड़ित की मानें तो शादी के बाद दो महीने तक पत्नी उसके घर में रही। इस दौरान उसने कभी सीधे मुंह बात नहीं की। पत्नी होने का कोई धर्म नहीं निभाया। छोटी-छोटी बात पर अपशब्द बोलती थी। यह भी आरोप लगाया कि परिवार के सदस्यों से झगड़ा करती थी। महीने भर पहले चार लाख रुपये लेकर फरार हो गई। पीड़ित को इसकी जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। बताया कि रिश्तेदारों के माध्यम से बातचीत कर अभी तक समझौते का प्रयास किया जा रहा था। बात नहीं बनने पर दो दिन पहले पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी। पुलिस ने आरोपी महिला व उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पश्चिमशरीरा इंस्पेक्टर स्वामी नाथ का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।