जिंदा जलकर युवक की मौत, बीवी झुलसी
- पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के गोराजू गांव की घटना, मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के गोराजू गांव में सोमवार सुबह आग से जिंदा जलकर एक युवक की मौत हो गई। बचाने में उसकी बीवी झुलस गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। गोराजू निवासी रामसुमेर (28) किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। रविवार रात खाने के बाद वह अपने कमरे में सो गया। उजाले के लिए पास स्थित दीवार की खिड़की में उसने ढिबरी जलाकर रखी थी। सुबह भोर में अचानक जलती हुई ढिबरी रामसुमेर के ऊपर गिर गई। देखते ही देखते वह आग की लपटों से घिर गया। चीखें सुन पत्नी सीमा आग बुझाने पहुंची तो वह भी झुलस गई। परिवार के लोगों ने आननफानन झुलसे दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने रामसुमेर को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां उसकी सांसें थम गईं। मौत की मनहूस खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े। पीड़ितों की ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पर पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों ने मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। घटना से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब है।
बदमाशों ने युवक को लूटने का किया प्रयास
मंझनपुर (ब्यूरो)। सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के महंगूपुर गांव का संजय सिंह रविवार रात एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने बैरागीपुर गया था। लौटते वक्त महंगूपुर के समीप ही सड़क किनारे पहले से घात लगाकर बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया और कनपटी पर तमंचा सटा दिया। तभी गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख बदमाश बिना लूटपाट किए ही फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को घर पहुंचाया। मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से नहीं की गई है।
सड़क हादसों में वृद्ध की मौत, छह घायल
-सैनी तथा चरवा इलाके में हुई घटनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर/सिराथू/चरवा। अलग-अलग सड़क हादसों में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि महिला समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चरवा के काजू गांव निवासी नबी उल्ला ने इलाके के ही बेरुआ चौराहे पर चूड़ी की दुकान खोल रखी है। सोमवार सुबह वह अपने बेटे तस्लीम के साथ बाइक से दुकान जा रहा था। गांव की मुख्य सड़क पर पहुंचते ही सामने से आए बाइक सवार से इनकी भिड़त हो गई। हादसे में पिता-पुत्र घायल हो गए। वहीं, दूसरी बाइक पर रहा युवक मौके से फरार हो गया। आसपास रहे लोगों ने इन्हें पहले स्थानीय फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान नवी उल्ला की मौत हो गई। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इसी तरह बलीपुर टाटा गांव का माधव रविवार रात पड़ोसी चंदन के साथ कहीं रिश्तेदारी में जा रहा था। पूरामुफ्ती इलाके के तेरहमिल के समीप पीछे से आई मैजिक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। वहीं सैनी कोतवाली के भरोठाबाग निवासी मुंशी लाल(60) साइकिल से नहर मार्ग पकड़कर सिराथू जा रहा था। घाटना 11 बजे दिन की है। इस दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दिया। हादसे में सइकिल सवार मुंशीलाल व बाइक सवार रामकली (60) पत्नी जियालाल, जियालाल(65) पुत्र राम लाल निवासी रसूलाबाद जख्मी हो गए। बाइक रामकली का बेटा रवि चला रहा था। तीनों घायलोे को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।