पीजी कॉलेज में ढाई लाख की चोरी
बीटीसी विभाग से नगदी, लैपटाप, माईक्रोस्कोप आदि किया पार, जांच में जुटी पुलिस
फोटो नं-12
अमर उजाला ब्यूरो
सरायकिल(कौशाम्बी)।
जयंतीपुर स्थित राम सजीवन पीजी कॉलेज के बीटीसी अनुभाग से शुक्रवार की रात बेखौफ चोरों ने नगदी समेत ढाई लाख का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन को सुबह हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सरायअकिल के जयंतीपुर गांव के समीप रामसजीवन पीजी कालेज के बीटीसी अनुभाग का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने लाकर तोड़ 55 हजार नगदी के साथ दो लैपटॉप, माइक्रोस्कोप, बैग, किताबें आदि समेत करीब ढाई लाख का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी सुबह कॉलेज प्रभारी ने शिक्षकों के साथ अन्य कर्मियों को जानकारी दी। कॉलेज में चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों का मजमा जमा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए प्रभारी कुलदीप सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल उमाशंकर यादव ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है। मुखबिरों को लगा दिया गया है। तहकीकात के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज में हुई लाखों की चोरी की घटना के बाद से इलाके में दहशत पसर गई है।
-----------------------
फोटो नं-13
पांच गुमटियों से चोरों ने हजारों का सामान समेटा
सरायअकिल(ब्यूरो)। पावर हाउस चौराहे पर बृहस्पतिवार की रात बेखौफ चोरों ने जमकर तांडव किया। एक ही रात में पांच गुमटियों का ताला तोड़ हजारों का सामान पार कर दिया। खरसेन का पुरवा गांव निवासी हीरालाल ने चौराहे पर चाय पान की गुमटी खोल रखी है। वहीं गांव का राममिलन सैलून चलाता है। बताया जा रहा है कि रात चोरों ने इन दुकानों से तीन हजार नगदी के साथ करीब 20 हजार का सामान पार कर दिया। इसके बाद मंगलदास और प्रदीप की गुमटी में चोरी का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। पुलिस ने पीड़ित दुकानदारों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
------------------------
उपद्रवी युवकों के साथ गश्त करती है पुलिस
सरायअकिल(ब्यूरो)। स्थानीय थाने के पुलिस की एक टुकड़ी प्राइवेट अप्पे से रात में गश्त करती है। बताया जा रहा है कि रात में पिकेट ड्यूटी करने वाले सिपाहियों के साथ स्थानीय कुछ उपद्रवियों की टुकडी भी रहती है। चर्चा है कि बृहस्पतिवार की रात पुलिस के साथ रहे युवकों ने चौराहे पर शराब के नशे में जमकर गदर काटी थी। इसके बाद रात चोरी की घटना भी हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस के शह पर चोरी की घटनाएं हो रही हैं। जिसे लेकर स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में जबरदस्त गुस्सा है।
----------------------------