ससुर खदेरी नदी में डूबा मासूम
सोमवार सुबह नेवारी गांव के समीप हुई घटना, परिजनों में कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
पश्चिमशरीरा (कौशाम्बी)। करारी के नेवारी गांव का दस वर्षीय मासूम सोमवार सुबह ससुर खदेरी नदी में डूब गया। सुबह वह बकरी चराने नदी की ओर गया था। हादसा देख साथ रहे अन्य बच्चे शोर मचाते हुए गांव पहुंचे। घंटे भर की मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों ने बालक के शव को नदी से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करारी थाना क्षेत्र के नेवारी गांव का आकाश कुमार (10) पुत्र बाबूलाल सोमवार की सुबह गांव के अन्य बच्चों के साथ बकरी चराने के लिए ससुरखदेरी नदी की ओर गया था। बताया जा रहा है कि एक बकरी नदी किनारे चरते हुए चली गई। इस पर उसे वापस लाने के लिए नदी किनारे पहुंचा इसी दौरान अचानक पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। साथी को डूबते देख अन्य बच्चे शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़े। परिजनों के साथ स्थानीय गोताखोर भागकर मौके पर पहुंचे। जब तक मासूम बालक के शव को लोग नदी से बाहर निकालते उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बालक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।