साइबर अपराधियों के गिरोह का सरगना गिरफ्तार
सदर विधायक के खाते से भी उड़ाए थे रुपये, कड़ा कोतवाली पुलिस ने पकड़ा
स्कीमर डिवाइस, दो एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और 48 हजार रुपये बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कड़ा कोतवाली पुलिस ने बुधवार सुबह साइबर अपराधियों के गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। इसके कब्जे से स्कीमर डिवाइस, दो एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और करीब 48 हजार रुपये मिले हैं। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
कड़ा कोतवाल अजीत कुमार पांडेय को बुधवार सुबह सूचना मिली कि देवीगंज स्थित एटीएम बूथ पर एक साइबर अपराधी खड़ा है। इस पर फोर्स के साथ दबिश देकर उन्होंने भूपेन्द्र सिंह पुत्र तेजबहादुर निवासी पूरे पांडेय पतुलकी थाना जेठवारा जिला प्रतापगढ़ हो धर दबोचा। इसके कब्जे से एक स्कीमर डिवाइस, दो एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और 48 हजार बरामद हुए। दोपहर में दुर्गा भाभी सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि पकड़ा गया युवक साइबर अपराधियों के गिरोह का सरगना है। इसके गांव का ही उसका साथी दीपू सरोज पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गया था। एसपी की मानें तो साइबर अपराधी झांसा देकर दूसरों का एटीएम कार्ड ले लेते थे। इसके बाद स्कीमर डिवाइस की मदद से उसका पूरा डाटा स्कैन कर लेते थे। फिर रकम उड़ा देते थे। गिरोह के फरार और अन्य सदस्यों की पुलिस तलाश कर रही है। एसपी का कहना है कि जल्द ही सभी को जेल भेजा जाएगा। वहीं पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि करीब चार महीने पहले सदर विधायक लालबहादुर के खाते से भी उसने रुपये पार कर दिए थे। अन्य घटनाओं में शामिल होने की बात भी कबूली है।
-------
आग से डीजे बैंड राख
मंझनपुर (ब्यूरो)। करारी कस्बे के कृष्णा नगर मोहल्ले का जीवन लाल जायसवाल डीजे बैंड चलाता है। मंगलवार रात वह एक बारात में बैंड बजाने कौशाम्बी इलाके के कायमपुर गांव जा रहा था। आवाना के समीप अचानक डीजे ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। इससे डीजे धू-धूकर जलने लगा। ग्र्रामीणों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस दौरान जनहानि नहीं हुई। बैंड संचालक का कहना है कि उसका करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हासे की जानकारी तहसील प्रशासन को दी गई है।